जम्मू, 22 जुलाई (हि.स.)। कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया। मुगल रोड पर भी भूस्खलन हुआ है। दोनों को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
जम्मू संभाग के कई हिस्सों में शुक्रवार देररात से लगातार हुई बारिश के बाद शनिवार तड़के रामबन जिले के मेहद, देलवास और टी-2 सुरंग के पास भूस्खलन हुआ। इससे पहाड़ों का मलबा और मिट्टी के तोदे मार्ग पर अट गए। अधिकारियों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद ही मार्ग को साफ करने का काम शुरू होगा।मुगल रोड जम्मू संभाग और कश्मीर घाटी के बीच वैकल्पिक लिंक मार्ग है। यह जम्मू संभाग में राजौरी और पुंछ के जुड़वां सीमावर्ती जिलों को कश्मीर घाटी में शोपियां जिले से जोड़ता है।
बारिश के कारण पुंछ जिले के रट्टा छंब क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ है। इस कारण यहां भी मार्ग को दोनों तरफ से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मार्ग से मलबा हटाया जा रहा है। यातायात अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे दोनों मार्गों पर यात्रा करने से पहले यातायात नियंत्रण इकाइयों से मार्ग की ताजा स्थिति को जान लें।