Logo
Header
img

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के चलते लगातार दूसरे दिन भी बंद

जम्मू, 22 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के चलते लगातार दूसरे दिन भी यातायात के लिए बंद है। मंगलवार से बनिहाल के निकट पत्थर गिरने और फिसलन के कारण राजमार्ग बंद हो गया था जो बुधवार को भी लगातार गिर रहे पत्थरों के चलते बंद है। ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार सुबह एक ट्वीट में कहा कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अभी भी बंद है। बहाली का काम चल रहा है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे बहाली का काम पूरा होने तक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा न करें। बता दें कि मंगलवार तड़के ही रामबन जिले के बनिहाल में शेर बीबी के शालगढ़ी क्षेत्र में भूस्खलन तथा लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया था। मार्ग साफ करने में कर्मचारियों तथा मशीनों काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा क्योंकि पहाड़ों से लगातार पत्थर गिर रहे थे। पत्थर गिरने का सिलसिला बुधवार को भी जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि राजामार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं और मार्ग के साफ होने के बाद सबसे पहले इन वाहनों को निकाला जाएगा।
Top