Logo
Header
img

देश के अल्प विकसित 112 आकांक्षी जिलों में गया दूसरे स्थान पर

पटना, 21 फरवरी (हि.स.)। देश के अल्प विकसित 112 आकांक्षी जिलों की नवंबर 2022 के लिए चैम्पियन ऑफ चेंज डेल्टा रैंकिंग नीति आयोग ने जारी की है। रैंकिंग में टॉप 5 जिलों में बिहार का गया जिला भी शामिल है। गया को देश में दूसरा स्थान मिला है। पहले स्थान पर हरियाणा का मेवात, तीसरे स्थान पर असम का बरपेटा, चौथे स्थान पर छत्तीसगढ़ का नारायाणपुर और पांचवें स्थान पर झारखंड का रामगढ़ है। वहीं देश में शिक्षा के क्षेत्र के भी टॉप-पांच जिलों की घोषणा आयोग की ओर से की गयी है। इसमें टॉप 5 जिलों में बिहार के दो जिलों को शामिल किया गया है। इनमें शेखपुरा पहले और पूर्णिया तीसरे स्थान पर है जबकि दूसरे स्थान पर बरपेटा, चौथे स्थान पर उत्तर प्रदेश का बहराइच और पांचवें स्थान पर झारखंड का गिरिडीह रहा है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की ओर से आंकाक्षी जिलों को विकसित करने के लिए विशेष फंड दिया जाता है। केंद्र सरकार ने देशभर में 500 आकांक्षी प्रखंडों की घोषणा की है उसमें बिहार के 61 आकांक्षी प्रखंड भी हैं। अब केंद्र राज्य सरकार की मदद से विशेष प्रोग्राम चलायेगी। राज्य के 13 आकांक्षी जिलों के भी प्रखंडों का चयन इस कार्यक्रम के तहत किया गया है। इन जिलों में भागलपुर और कैमूर जिलों के सर्वाधिक 5-5 कर 10 प्रखंड, बेगूसराय के 4, मुंगेर के 4, जमुई के 4, औरंगाबाद और गया के 4-4 प्रखंड हैं और साथ ही भोजपुर, कटिहार और बांका के तीन-तीन प्रखंड के नाम भी शामिल हैं।
Top