चंद्रमा पर भारत की बड़ी उपलब्धि के लिए सांसद रमेश कौशिक ने प्रधानमंत्री, इसरो के वैज्ञानिकों तथा समस्त देश व प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
गुरुवार को उन्होंने कहा कि 23 अगस्त की शाम चंद्रयान-3 को चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर सुरक्षित उतारकर हमारे इसरो के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ऩे के लिए एक नए अध्याय की शुरूआत कर दी है। हमारे समस्त देशवासियों की प्रार्थना और इसरो के वैज्ञानिकों की मेहनत ने दुनिया को दिखा दिया कि अब भारत भी इस क्षेत्र में अपना परचम लहराने आ गया है।
उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर उतरने वाला पहला तथा चांद पर उतरने वाला रूस, अमेरिका व चीन के बाद चौथा देश बन गया है। वर्ष 2019 में चंद्रयान-2 किन्हीं कारणों से चंद्रमा की सतह के बिल्कुल नजदीक जाकर क्रैश हो गया था। तब भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया और कहा कि कहा कि चंद्रमा की सतह के नजदीक पहुंचना भी हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। चुनौती को अपना लक्ष्य मानें। प्रधानमंत्री द्वारा इसरो के बजट को और अधिक बढ़ाया और उन्हें निडर होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। राई विधान सभा क्षेत्र से विधायक मोहन लाल बड़ौली व गन्नौर क्षेत्र की विधायक निर्मल चौधरी ने भी इस मौके पर समस्त देश वासियों वैज्ञानिकों को बधाई दी है।