Logo
Header
img

औरैया : छह अक्टूबर को होगी पोषण पाठशाला, वेब लिंक से जुड़ेंगे लाभार्थी

औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पोषण माह के तहत निर्धारित थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के अंतर्गत छह अक्टूबर को पोषण पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जनमानस एवं लाभार्थियों को पोषण, आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, बाल विकास एवं प्रारंभिक उद्दीपन, पोषण प्रबंधन, कुपोषण से बचाव तथा पोषण और शिक्षा समेत विभिन्न विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि पोषण पाठशाला का आयोजन छह अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक एनआईसी के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया जाएगा। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के साथ विषय विशेषज्ञ हिंदी भाषा में महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान लाभार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों की ओर से पूछे जाने वाले सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट webcast.gov.in/up/icds के माध्यम से होगा। अधिक से अधिक लाभार्थी एवं आमजन वेब लिंक से जुड़कर विशेषज्ञों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

पोषण पाठशाला के सफल आयोजन के लिए जनपद के एनआईसी केंद्र पर तीन से चार बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं तीन से चार मुख्य सेविकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को वेब लिंक उपलब्ध कराकर अनिवार्य रूप से कार्यक्रम से जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी अपनी परियोजना क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। जो लाभार्थी केंद्र पर नहीं पहुंच सकेंगे, वे स्मार्टफोन के माध्यम से घर से भी कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।

आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को केंद्र पर बैठने की उचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और मोबाइल फोन पूरी तरह चार्ज रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं लाभार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जुड़कर इसका लाभ उठाने की अपील की है।

Top