Logo
Header
img

प्रधानमंत्री मोदी आज छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में

नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के दौरे पर रवाना होंगे। वो पूर्वाह्न लगभग 11 बजे छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री यहां 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में बस्तर के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड का इस्पात संयंत्र भी शामिल है। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी। इसके बाद प्रधानमंत्री अपराह्न लगभग तीन बजे तेलंगाना के निजामाबाद पहुंचेंगे। वो यहां बिजली, रेल व स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सेक्टरों की लगभग 8000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को गति देने की पहल के अनुकूल बस्तर जिले के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के इस्पात संयंत्र का लोकार्पण करेंगे। यह संयंत्र 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यह ग्रीनफील्ड परियोजना का संयंत्र है, जहां उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात निर्मित होगा। इलाके के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी लाकर यह संयंत्र बस्तर को दुनिया के इस्पात मानचित्र में दर्ज कर देगा।
Top