Logo
Header
img

रायबरेली से तैयार होगी प्रियंका की चुनावी रणनीति

रायबरेली,06 मई । प्रियंका वाड्रा गांधी की चुनावी रणनीति अब रायबरेली से तैयार होगी। इसके लिए उनके भुएमऊ हाउस में वार-रूम तैयार किया जा रहा है। पांचवें चरण के चुनाव तक अब प्रियंका का ठिकाना यहीं रहेगा और यहीं से वह प्रदेश सहित अन्य जगहों पर प्रचार के लिए जायेंगीं। इन सभी व्यवस्था के दुरुस्त संचालन के लिए एक्सपर्ट्स की टीम भी रायबरेली पहुंच गई है और कंप्यूटर सहित अन्य हाईटेक व्यवस्था से लैस इलेक्शन वार-रूम तैयार किया गया है।

दरअसल, रायबरेली और अमेठी में चुनावी संचालन के लिए प्रियंका गांधी मंगलवार को रायबरेली पहुंच रहीं हैं। यहां उनके अगले कई दिन रहकर चुनावी व्यवस्था देखने का अनुमान है। जिसके तहत उनकी प्रदेश भर में अन्य जगहों के लिए चुनावी सभाओं व बैठकों की व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके साथ ही अन्य नेताओं के लोकसभा क्षेत्रों के लिए प्रचार कार्यक्रमों व चुनावी व्यवस्था का संचालन भी इसी वार रूम से तैयार किया जाएगी। प्रियंका गांधी के कल पहुंचने के बाद इन सारी तैयारियों में तेज़ी आ जायेगी।

भुएमऊ में स्थित इस वार रूम की जिम्मेदारी तेलांगाना से आये औऱ राष्ट्रीय प्रचार समिति के अहम सदस्य सुनील कोनूगोलु सम्हाल रहे हैं। उनके साथ एक टीम भी आई हुई है। रायबरेली से राहुल गांधी की प्रचार की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर है। बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक सूची बनाई गई है,जिनसे मैनेजमेंट टीम लगातार समन्वय बना रही है। इस सूची में कांग्रेस के पुराने व नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है। इंडी गठबंधन के साथ भी बेहतर समन्वय के लिए प्रियंका सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगीं।

उल्लेखनीय है कि प्रियंका के आने के पहले सभी बैठकों और कार्यक्रमों की रूपरेखा बना ली गई है और उनके आने पर इसे असली जामा पहनाने का काम शुरू हो जाएगा।

Top