Logo
Header
img

दुर्ग : दो करोड़ से शहर के तालाबों का होगा सरंक्षण एवं सौदर्यीकरण

दुर्ग, 14 मई (हि.स.)। निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 24 तालाबों में से छह तालाब सिकोला, पोलसायपारा, कसारीडीह, पोटियाकला, शीतला व लुचकीपारा तालाब से बेहद प्रदूषित पानी मिलने की शिकायत हो रही थी। निस्तारी करने पर लोगों को चर्म रोग व संक्रमक बीमारी हो रही है। वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने रविवार को तालाबों का निरीक्षण किया। तालाबों के आसपास के नागरिकों के लिए आवश्यक पहल करते हुए राज्य शहरी विकास अभिकरण से राज्य परिवर्तित योजनांतर्गत वार्ड 15 के सिकोला तालाब हेतु 10 लाख, पोलसायपारा तालाब हेतु 23 लाख, कसारीडीह तालाब हेतु 68 लाख, माता तालाब पोटिया हेतु 37 लाख, वार्ड 54 शीतला तालाब के सौदर्यीकरण हेतु 42 लाख व लुचकीपारा तालाब हेतु 24 लाख की राशि स्वीकृत करायी है, जिसके अंतर्गत वॉटर ट्रीटमेंट, रिर्टनिंग वॉल, ट्यूबलर शेड, नाली, पेटिंग व खेलकूद उपकरण सामाग्री का कार्य होगा। 

इन कार्यो के लिए प्रथम किस्त की राशि फरवरी 2023 में स्वीकृत कर दी गई है। इन कार्यों को पूर्ण होने के बाद दूसरी किस्त की राशि जारी होगी। वोरा ने अधिकारियों से कहा कि निविदा एजेंसियों से गर्मी में ही तालाबों का गहरीकरण के साथ ही सौदर्यीकरण के कार्य को जल्द प्रारंभ कराएं। जिससे वर्षाऋतु के पूर्व अधिकांश कार्य पूर्ण हो जाए साथ ही शेष बचे तालाबों के लिए भी शासन से राशि उपलब्ध कराए जाने की पहल की जा रही है। 16 करोड़ की लागत से बन रहे ठगड़ाबांध के सौदर्यीकरण का भी कार्य समयावधि में पूर्ण नहीं होने पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया व पिंकनिग स्पॉट को जल्द आमजनता को समर्पित करने कहा। तालाबों के निरीक्षण के दौरान पार्षद मनीष बघेल, उषा ठाकुर, सत्यवती विजयंत पटेल, खिलावन मटियारा, नगर निगम अभियंता प्रकाश थवानी आदि उपस्थित थे।
Top