रानी बाजार रेल फाटक पर बना रहा अंडरब्रिज पूरा होने से पहले ही विवाद में उलझ रहा है। सोमवार को रानी बाजार क्षेत्र के लोगों ने इस ब्रिज के निर्माण को लेकर सवाल खड़े किए हैं। बड़ी संख्या में लोग सोमवार को धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन किया। उक्त कार्य की जांच कराने के लिए जिला कलक्टर को अवगत कराया। लोग के रोष को देखते हुए मौके पर कोटगेट थाना पुलिस भी पहुंच गई। सूचना मिलने पर जब नगर विकास न्यास के अभियंता पहुंचे तो लोगों ने जमकर खरी-खरी सुनाई। लोगों को इस बात का मलाल है कि जब लोगों का आरोप है कि अंडर ब्रिज की जो डिजाइन (नक्शा) तैयार की गई, उसके अनुरुप इसका निर्माण नहीं हो रहा है।
क्षेत्र के लोगों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर अवगत कराया है कि इसके नक्श में फुटपाथ और सर्विस रोड 11.25 फीट होनी चाहिए, लेकिन यहां पर महज आठ फीट ही बनाया जा रहा है। ऐसे में वहां के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्य की जांच कराने और निर्माण नक्शे के अनुसार कराए जाने की बात रखी। लोगों का आरोप है कि ठेकदार के सामने भी उन्होंने विरोध किया था, लेकिन उसने अनदेखी कर दी। निवासियों ने इस संबंध में नगर विकास विकास न्यास को भी सौपा है।
रानी बाजार फाटक पर अंडर ब्रिज का निर्माण बीते डेढ़ साल से मंथर गति से चल रहा है। नगर विकास न्यास के अधिकारियों ने पूर्व में दावा किया था कि सितंबर माह में इसको खोल दिया जाएगा। लेकिन निर्माण की धीमी रफ्तार के चलते आवागमन जल्द शुरू होते नहीं दिख रहा है। इस कारण क्षेत्र में आवागम भी बाधित हो रहा है। आए नाले का क्रोस जाम होने से दूषित पानी सड़क पर फैल जाता है। हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।
नगर विकास न्यास के सचिव मुकेश बारहठ ने बताया कि उनको इसकी जानकारी मिली थी। इसके बाद मौके पर अधिशासी अभियंता को भेजा गया है। वो पूरा मौका देखकर उसकी रिपोर्ट तैयार कर रहे है। उसके बाद ही बता सकेंगे कि पूरा क्या मामला है। इसमें क्या कुछ किया जा सकता है।