जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा संचालित की जा रही है। यह स्पेशल ट्रेन 2, 5 और 6 अक्टूबर को तीन ट्रिप में संचालित होगी। इससे रेवाड़ी, नारनौल, नीम का थाना सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09637, रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 2, 5 एवं 6 अक्टूबर को रेवाड़ी से 11.00 बजे रवाना होकर 14.20 बजे रींगस पहुंचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09638, रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल 2, 5 एवं 6 अक्टूबर को रींगस से 14.55 बजे रवाना होकर 18.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल रेलसेवा मार्ग में कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीम का थाना, कावंट एवं श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
15 डिब्बों की होगी ट्रेन
रेलसेवा में 13 साधारण श्रेणी के डिब्बे तथा गार्ड श्रेणी के 02 डिब्बे सहित कुल 15 डिब्बे होंगे। यह रेलसेवा अनारक्षित होगी।
---------------