Logo
Header
img

गौ उत्पाद के प्रयोग से ही आएगा रामराज्य : शंकरलाल

मथुरा, 28 नवम्बर(हि.स.)। दीनदयाल गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र गौ ग्राम परखम के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए संघ प्रचारक शंकर लाल ने कहा कि यह केंद्र भविष्य में विश्व की आस्था और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। साथ ही रामराज्य की कल्पना को सकार करने के लिए उन्होंने विदेशी वस्तुओं को अपने जीवन से नकारने की अपील की। उन्होंने कहा कि गाय के उत्पादों के प्रयोग करने से ही भारत में रामराज्य आएगा। देश में पैदा हो रही जटिल समस्याओं की तरफ ध्यान केंद्रित कराते हुए उन्होंने कहा, जलस्तर नीचे खिसक रहा और दूषित हो रहा है। भूमि जहरीली हो रही है। जंगल नष्ट हो रहा है। जीव सृष्टि नष्ट हो रही है। पर्यावरण खराब हो रहा है। स्वास्थ्य खराब हो रहा और संस्कार बिगड़ रही है। देसी गाय के पालन से भारत सुखी होगा, रोग मुक्त बनेगा और भारत विश्व गुरू बनेगा। उन्होंने कहा, गाय फैमिली डॉक्टर है। इसके पंचगव्य से कैंसर और मधुमेह जैसे असाध्य रोगों को उपचार होता है। उन्होंने कहा, कर्ज मुक्त भारत के लिए गाय के गोबर से अन्न उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही गाय के प्रयोग करने से प्रदूषण मुक्त भारत, अपराध मुक्त भारत, कुपोषण मुक्त भारत, ऊर्जा युक्त भारत व नशा मुक्त भारत का निर्माण होगा। यह सभी गाय के उत्पादों से संभव है और आज हम तीन सौ गौ उत्पाद तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, आज सरकार राशन दे सकती है, अन्य सामान मुफ्त में दे सकती है। उन्होंने कहा, सरकार लोगों को भिखमंगा न बनाए, उनको स्वावलंबी बनाए। तभी भारत में रामराज्य आएगा।
Top