Logo
Header
img

पीएम मोदी रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का रविवार को करेंगे शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार प्रातः ग्यारह बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से "अमृत भारत स्टेशन योजना" के तहत भारतीय रेलवे के 508 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास करेंगे। मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह के अनुसार भारतीय रेलवे आधुनिकीकरण की दिशा में और भारत सरकार के न्यू इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। देशभर में रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। जोधपुर मंडल के पंद्रह प्रमुख स्टेशन जिसमें जोधपुर, जैसलमेर, सुजानगढ़, बालोतरा, गोटन, डीडवाना, रामदेवरा, डेगाना, नागौर, फलोदी, रेन, मेड़ता रोड, बाड़मेर, नोखा और देशनोक स्टेशनों का अमृत भारत योजना के पुनर्विकास किया जाएगा। ये स्टेशन आधुनिक भारत की भव्य तस्वीर को प्रदर्शित करते हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की होगी। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉनकोर्स, वेटिंग रूम और रिटेल एरिया विकसित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 1309 रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है। पुनर्विकसित स्टेशन नई अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं तथा मौजूदा सुविधाओं के अपग्रेडेशन से यात्रियों को बेहतर और उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करेंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के 47 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 2400 करोड रुपये की लागत से पुनर्विकास का भी शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा। शिलान्यास के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के 15 स्टेशनों पर स्थानीय कार्यक्रम प्रातः नौ बजे से आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों जैसे जोधपुर को 494 करोड़ रुपये और जैसलमेर को 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया जा रहा है। इन स्टेशनों पर स्टेशन पर आगमन / प्रस्थान प्लाजा, एग्जीक्यूटिव लाउंज, कॉनकोर्स एरिया, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, फूड कोर्ट, शॉपिंग मॉल, कैफेटेरिया, प्ले एरिया, ग्रीन बिल्डिंग, नवीनीकरणीय ऊर्जा, कचरे के प्रसंस्करण, वर्षा जल संचयन, बैगेज स्कैनर, कोच इन्डिकेशन बोर्ड तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं सहित आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजनाओं से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को आने जाने में सुविधा होगी। इसके अलावा स्वच्छ और आधुनिक रेलवे स्टेशनों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास होगा।

Top