Logo
Header
img

गणतंत्र दिवस पर ठंड से कुछ राहत, न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस

नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को गणतंत्र दिवस पर मौसम ने कुछ रहम किया है। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए हैं पर न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह इस महीने का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस अधिकारी के मुताबिक दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में बादल छाए रहने से लगभग एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट की संभावना नहीं है। विभाग के इस अधिकारी कहना है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में सर्दी के मौसम में अभी तक बारिश नहीं हुई है। ऐसा नवंबर और दिसंबर में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण हुआ।
Top