Logo
Header
img

हिमाचल-कांग्रेस की सरकार में सम्भव नहीं था आस्था का सम्मान

कांगड़ा, 04 नवम्बर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार को देश को सुरक्षित हाथों में बताते हुए कहा कि एक तरफ आज देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है तो दूसरी ओर अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। इतना ही नहीं उनके नेतृत्व में काशी में विश्वनाथ धाम और उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण हुआ है। कहा कि कांग्रेस के राज में आस्था का सम्मान संभव नहीं था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ज्वाला विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा के दौरान जनता से पूछा कि क्या कांग्रेस सरकार में राम मंदिर का निर्माण संभव था? उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का अकेला देश है जिसने विरासत से जो मिला, उसे संवर्धन करते हुए कोरोना के खिलाफ डटकर मुकाबला किया। फ्री टेस्ट, फ्री राशन, फ्री इलाज देने के साथ दुनिया के देशों को भी वैक्सीन की मदद की। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव विकास योजनाओं का लाभ सबको मिला, अगर आज यह कार्य संभव हुआ तो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो सका। अयोध्या में राम मंदिर की राह में कांग्रेस बैरियर थी। वह अपने वोटबैंक की लालच में राह में रोड़े अटकाती थी। 2023 के अंत तक अयोध्या में जब भगवान राम मंदिर बनकर तैयार होगा। यह दुनिया का सबसे भव्य मंदिर तो होगा ही, भारत का राष्ट्र मंदिर भी होगा। जनता से मुखातिब योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में आपने भव्य दीपोत्सव देखा, क्या कांग्रेस यह करवा पाती ? क्या कांग्रेस काशी, उज्जैन महाकाल, केदार नाथ धाम का पुनरुद्धार कर पाती ? आज जो हो रहा है, वही तो है आस्था का सम्मान। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रिटेन को पछाड़कर भारत पांचवीं अर्थशक्ति बना है, यही नया भारत है। जनसंघ के समय से एक देश, दो निशान, दो विधान, नहीं चलेगा, का नारा लगाया जाता था। भारत के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने खुद को न्यौछावर कर दिया। आज कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त है। आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम हो रहा है। अगर भारत की ओर किसी ने आंख उठाई तो हिमाचल के वीर जवान सीमा पर सर्जिकल स्ट्राइक करने को तैयार हैं। यही है नया भारत। उन्होंने कहा कि भारत नए विकसित राष्ट्र के संकल्प के साथ खड़ा हुआ है। उत्तर प्रदेश 25 करोड़ की आबादी वाला राज्य है। 403 विधानसभा है, लेकिन कांग्रेस के दो सदस्य हैं। मृत व्यक्ति को ढोने के लिए भी चार लोग होने चाहिए। कांग्रेस को यह भी नसीब नहीं है। कांग्रेस का हाथ माफियाओं के साथ रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तरप्रदेश के काशी में केवल सावन के महीने में एक करोड़ श्रद्धालु आये हैं। अयोध्या में भी इसी दीवाली महीने में एक करोड़ श्रद्धालु आये। उत्तर प्रदेश को आपने देखा होगा, कैसे माफियाओं पर बुलडोज़र चलता है। इसीलिए ऐसा न हो कि कोई कमजोर सरकार आये और माफिया वहां से भागकर छिपने को यहां आ जाएं।
Top