Logo
Header
img

एसबीआई से 2.30 लाख रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश

सीवान, 01 जून (हि.स.)। जिले बसंतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दोपहर दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बसंतपुर शाखा से 2.30 लाख रुपये निकालकर लौट रहे एक सीएसपी संचालक को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाते हुए रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के कोड़र गांव के समीप सोमवार दोपहर बाद की है। जानकारी के अनुसार, शहरकोला स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक पप्पू कुमार यादव बसंतपुर मुख्यालय स्थित एसबीआई शाखा से 2 लाख 30 हजार रुपये की निकासी कर बाइक से अपने केंद्र लौट रहे थे। इसी दौरान कोड़र स्थित एक बाइक एजेंसी के समीप एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर असंतुलित कर दिया, जिससे वे सड़क किनारे गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरते ही अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद रुपये से भरा बैग छीन लिया और सीवान की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। बाद में महाराजगंज के एसडीपीओ अमन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों तथा एसबीआई शाखा के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

एसडीपीओ अमन ने बताया कि पीड़ित द्वारा 2.30 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना दी गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Top