Logo
Header
img

जंगमबाड़ी में जर्जर मकान का छत भरभरा कर गिरा

वाराणसी,16 दिसम्बर (हि.स.)। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के जंगमबाड़ी में गुरुवार रात जर्जर एक मंजिला मकान की छत अचानक तेज धमाके के साथ भरभरा कर गिर गई। हादसे में मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मची चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाया। और मलबे को भी रास्ते से हटवाया। हादसे से वहां देर तक अफरा-तफरी मची रही। जिलाधिकारी एस राजलिंगम और अन्य अफसर भी रात में ही मौके पर पहुंच गये। जंगमबाड़ी में तारा देवी के नाम से पुराना मकान है। जिसमें तारा देवी की चार बेटियों के परिवार के 18 सदस्य रहते हैं। मकान के पीछे के हिस्से के दो कमरे बेहद जर्जर थे। एक कमरे में राजेंद्र वर्मा, उनकी पत्नी बेबी वर्मा (50) दो बेटियां हेमा व नीलू, बेटे दीपक रहते थे। दूसरे कमरे में संजय वर्मा, उनकी मां सावित्री देवी (70), पत्नी किरण देवी (45), बेटी मानसी (18) के साथ रहते हैं। दोनों कमरों से सटे हिस्से में सोनू रहता है। रात में दोनों जर्जर कमरों की छत ढह गई। संजय वर्मा और उनका परिवार व सोनू किसी तरह मलबे से बाहर निकले। वहीं, बेबी वर्मा मलबे में दब गईं। वह कमरे में अकेलीं थीं। लगभग दो घंटे के परिश्रम के बाद एनडीआरएफ ने उनका शव निकाला। हादसे में किरण को बाएं हाथ में, सोनू को सिर चोट आई है। सूचना पर डीएम एस. राजलिंगम, डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम, एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय पहुंचे और घायलों का हाल जाना। डीसीपी अवधेश पांडेय ने मीडिया कर्मियों को बताया कि आरंभिक छानबीन के अनुसार मकान जर्जर होने से छत ढह गई। रसोई गैस सिलेंडर का रिसाव भी था। आशंका है कि छत गिरने के बाद सिलेंडर से रिसाव शुरू हुई। घटना के बारे में घायलों ने दी जानकारी हादसे में घायल किरण देवी ने बताया कि पति संजय वर्मा, बेटी मानसी और सास सावित्री देवी के साथ बैठकर चाय पी रही थीं। सवा आठ बजे अचानक छत ढह गई। शुक्र था कि छत का मलबा आलमारी पर टिक गया। उसके नीचे पूरा परिवार सुरक्षित बच गया। उधर,जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि मौके पर गैस की दुर्गंध आ रही थी। मलबा आदि हटने के बाद घटना की जांच में कारण की जानकारी पता लग पाएगी। मौके पर प्रत्यक्षदर्शियों से भी बात की गई है। जर्जर मकानों पर कार्रवाई के लिए नगर निगम को निर्देश दिया जाएगा।
Top