Logo
Header
img

आठ राज्यों के राजमार्गों के उन्नयन के लिए 9982.15 करोड़ रुपये मंजूर : गडकरी

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आठ राज्यों में राष्ट्रीय राजमार्गों के उन्नयन को स्वीकृति प्रदान की है। केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को एक्स हैंडल पर यह जानकारी साझा की है। केंद्रीय मंत्री ने इन राज्याें में राष्ट्रीय राजमार्गों के उन्नयन के लिए 9982.15 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें उत्तराखंड, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, जम्मू कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश और झारखंड का नाम शामिल है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देश के इन राज्यों के राजमार्गों के उन्नयन की मंजूरी देने के साथ एक्स हैंडल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा। सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा बढ़ेगी और यात्रा का समय कम होगा। शहर में यातायात की भीड़ कम हाेगी। केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड में उधम सिंह नगर और नैनीताल जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग 121 (नया 309) के काशीपुर से रामनगर खंड के उन्नयन के लिए 494.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। कर्नाटक के बेल्लारी और अनंतपुर जिलों में 13.087 किलोमीटर तक फैले राष्ट्रीय राजमार्ग 150-ए के लिए 626.01 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्रीय मंत्री ने आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-716 पर तमिलनाडु व आंध्र प्रदेश सीमा से पुत्तूर (20.03 किलोमीटर) तक फैले मौजूदा 2-लेन पेव्ड शोल्डर के विस्तार के लिए 1346.81 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसी तरह से ओडिशा के संबलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए 374.17 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्रीय मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग-444 पर शोपियां बाईपास के निर्माण के लिए 224.44 करोड़ रुपये मंजूर किए और अरुणाचल प्रदेश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-913 के लिए आठ पैकेजों में 265.49 किलोमीटर के निर्माण के लिए 6621.62 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड के दुमका जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 114-ए के टावर चौक से बासुकीनाथ खंड को चार लेन बनाने के लिए 292.65 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।


Top