Logo
Header
img

भारतीय नव वर्ष पर संस्कार भारती के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली, 21 मार्च। भारतीय नव वर्ष पर बुधवार सुबह 5.30 बजे आयोजित होने वाले संस्कार भारती के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर होंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार और विशिष्ट अतिथि विश्वास नगर के विधायक ओमप्रकाश शर्मा होंगे। यह कार्यक्रम वजीराबाद में यमुना नदी के तट सूरघाट पर आयोजित किया जाएगा। संस्कार भारती, दिल्ली प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि भारतीय नववर्ष के स्वागत के संदर्भ में यह एक अनोखा कार्यक्रम है, जो भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संवर्धन करता है। उन्होंने बताया कि सुबह 05:30 बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं के साधकों द्वारा संगीत-नृत्य प्रस्तुतियों के साथ सामूहिक रूप से सूर्य को अर्घ्य देकर भारत और विश्व के मंगल की कामना की जाएगी। देश की विविधता और एकता को उजागर करते हुए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकारों में अदिति गर्ग (ध्रुपद गायन), पंथोबी जागोई मारुप (मणिपुरी डांस समूह), संदीप शजर (कवि), विकास बाबू (शहनाई वादन) तथा प्रख्यात चित्रकारों द्वारा भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों की लाइव पेंटिंग मुख्य आकर्षण होगी। प्रभात कुमार ने बताया कि भारतीय नववर्ष हम सबके जीवन में नई आशा और उल्लास लेकर आता है तथा इसकी शुरुआत रचनात्मकता एवं सकारात्मकता के साथ करने की हमारी पुरातन परंपरा रही है। हमारे लिए यह भी प्रसन्नता का विषय है कि भारत के हमारे सांस्कृतिक वैभव को संपूर्ण विश्व के समक्ष गौरवशाली ढंग से उभारने के प्रयास सफलता प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम के संयोजक आरती अरोड़ा और सह संयोजक प्रदीप गुप्ता ‘जालीवाले’ हैं।
Top