संस्कृत भाषा के संरक्षण ,संवर्धन, संस्कृत भाषा की वैज्ञानिकता और संस्कृत भाषा को जनभाषा के रूप में लोकप्रिय बनाने को सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय, संस्कृत भारती नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संस्कृत सप्ताह का शुभारम्भ हुआ। मुख्य अतिथि प्राचार्य बृजेन्द्र सिंह देव, भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, हरिद्वार ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने मंगलाचरण और स्वागत गीत के साथ अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य बृजेन्द्र सिंह देव ने कहा कि संस्कृत भाषा हमारी प्राण वाहिनी है, जो हमें जनचेतना को जागृत करने हेतु सदैव प्रेरित करती है। मुख्य वक्ता डाक्टर चन्द्र प्रकाश उप्रेती ने कहा कि संस्कृत भाषा आत्मबोध कराने वाली भाषा है।
इसी क्रम में विशिष्ट वक्ता डाक्टर नीरज जोशी, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, ने कहा कि संस्कृत भाषा विश्व की श्रेष्ठ भाषा के साथ प्रासंगिकता वैश्विक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जानकी त्रिपाठी, संस्कृत भारती प्रांताध्यक्षा ने कहा कि संस्कृत को जनभाषा के रूप में लोकप्रिय ,सरल,समृद्ध बनाने हेतु संस्कृत भाषा शिविरों का आयोजन करते रहना होगा।
कार्यक्रम में प्राचार्य मनोज कुमार पाण्डेय,डाक्टर जगदीश चन्द्र पांडे, डाक्टर नारायण दत्त थुवाल, कीर्ति चन्द्र कलौनी, दीपचन्द्र जोशी, साकेत पाठक, कृष्ण चन्द्र पाण्डेय, रजनी बेलवाल, गणेश विष्ट सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे ।कार्यक्रम का संचालन मोहित जोशी ने किया।