Logo
Header
img

गांजा बेचने का विरोध करने पर घर में घुसकर गोली मारी

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की तारापुरी में गली में गांजा बेचने का विरोध करने पर हमलावरों ने घर में घुसकर युवक को गोली मार दी। हमलावरों ने घर में भी तोड़फोड़ की। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तारापुरी स्थित आरा मशीन वाली गली निवासी इमरान का आरोप है कि उसका पड़ोसी शोएब अपने साथियों के साथ मिलकर गली में गांजा बेचता है। शुक्रवार रात को भी इमरान गली में गांजा बेच रहा था, तभी उसके साथ मौजूद युवकों ने गली से जा रही महिलाओं पर कमेंट किया। विरोध करने पर आरोपितों ने इमरान के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। इसके साथ इमरान को जमकर पीटा और उसे गोली मार दी। लोगों को इकट्ठा होता देखकर आरोपित वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल इमरान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, इमरान से विवाद के बाद शोएब नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इमरान के घर में तोड़फोड़ करते हुए गोलियां चला दी। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Top