Logo
Header
img

श्याम जाजू ने सम्मिट इंडिया के केन्या चैप्टर की कमान डॉ. श्याम स्वरूप मिश्रा को सौंपी

नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। भारत की वजह से जी-20 के सदस्य बने अफ्रीकी यूनियन के देशों में उत्साह है। उनकी दृष्टि में भारत को लेकर उदारता की बड़ी तस्वीर बनी है। इस उत्साह और सोच का एक नजारा इस साल के अंत में सम्मिट इंडिया के अंतरराष्ट्रीय अभियान के तहत अफ्रीकी महाद्वीप के केन्या में मैराथन दौड़ के रूप में देखने को मिलेगा। इसके अलावा केन्या सरकार के सहयोग से भारतवंशी अफ्रीकन जनों के लिए अयोध्या की तरह भव्य राम मंदिर बनाया जाएगा। इसके लिए सम्मिट इंडिया के अंतरराष्ट्रीय चेयरपर्सन एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने केन्या चैप्टर का अध्यक्ष डॉ. श्याम स्वरूप मिश्रा को नियुक्त किया है डॉ. श्याम स्वरूप मिश्रा केन्या की संसद के सदस्य हैं। साथ ही सत्तारूढ़ पार्टी के राष्ट्रीय संगठक भी हैं। सम्मिट इंडिया के ब्रांड भारत और वसुधैव कुटुंबकम् महाअभियान की इस दिशा में शुरुआत वियतनाम में भी अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक और सांस्कृतिक संवाद कार्यक्रम से होगी। दिसम्बर में होने वाले इस महाभियान के लिए वियतनाम चैप्टर का चेयरमैन जयप्रकाश मिश्रा नियुक्त किया गया है। भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता एवं सम्मिट इंडिया के सेक्रेटरी जनरल महेश वर्मा ने कहा है कि ब्रांड भारत आज अफ्रीका में सिर चढ़कर बोल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपार लोकप्रियता के बीच केन्या में राम मंदिर बनने से भारत की विश्व बंधुत्व को बल मिलेगा। इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल जल्द जाजू के नेतृत्व में केन्या जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश चैप्टर के प्रमुख पूरण डावर सहित 10 लोगों को शामिल किया गया है। श्री श्री रविशंकर और श्री राम जन्मभूमि न्यास समिति के सदस्य भी इसमें होंगे। वहां विश्व के शीर्ष धावकों और मैराथन के जरिये मंदिर निर्माण से पूरे अफ्रीका महाद्वीप के देशों को जोड़ा जाएगा। वर्मा ने बताया कि डॉ. मिश्रा का जन आरोग्य संस्थान पूरे अफ्रीकावासियों को सेवा देता है। सम्मिट इंडिया के केंद्रीय संगठन की सहमति से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज विएतनाम के अध्यक्ष रह चुके हैं। भारतीय मूल के डॉ. जय प्रकाश के प्रयास से भारत और विएतनाम के व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने की शुरुआत दिसम्बर में होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बालीवुड के कलाकार, लोकगायक और हस्तशिल्प कला के लोग प्रस्तुति देंगे। इसके लिए पंजीकरण अक्टूबर में शुरू होगा। सम्मिट इंडिया प्रबुद्ध नागरिकों का मंच है। यह देश के कई राज्यपालों, श्री श्री रविशंकर, इसरो प्रमुख रहे कस्तूरीरंगन सहित कई गणमान्य लोगों का बड़ा क्षितिज है। इससे पूर्व सम्मिट इंडिया ने नई शिक्षा नीति के तहत एक लाख से ज्यादा शिक्षा योद्धा तैयार किए। संगठन सदैव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरणा लेता है।
Top