Logo
Header
img

कमजोर पड़ा चक्रवात सितरंग, पश्चिम बंगाल पर नहीं होगा अब असर

कोलकाता, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान सितरंग अब कमजोर पड़ रहा है। इसने पड़ोसी बांग्लादेश में तांडव मचाया है। वहां नौ लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अब यह पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के समुद्र तटीय इलाकों में अधिक तांडव नहीं मचा सकेगा। विभाग ने मंगलवार सुबह कहा कि सितरंग 56 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बांग्लादेश में पहुंचा था। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में लगातार बारिश हुई है। पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों से गुजरते हुए चक्रवात बांग्लादेश के बरिसाल में लैंड फॉल किया है। इसके बाद राज्य के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में दीपावली और काली पूजा की रात भारी बारिश हुई है। हालांकि अब यह चक्रवात कमजोर पड़ गया है और निम्न दाब में तब्दील हो गया है। अब इसका बहुत अधिक असर नहीं होगा और अगले छह घंटे में इसका प्रभाव खत्म हो जाएगा। इसके बाद बारिश थम जाएगी और धूप खिलेगी।
Top