लखनऊ, 08 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव अपने प्रतिद्वंद्वी से काफी आगे चल रही हैं। वह मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में आने वाली पांचों विधानसभा सीटों पर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
पांचवें दौर की मतगणना चल रही है। डिंपल यादव भाजपा के रघुराज शाक्य से आगे चल रही हैं। सपा के लिए प्रतिष्ठा की सीट मानी जाने वाली मैनपुरी सीट मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई थी। सपा किसी भी कीमत पर यह सीट गंवाना नहीं चाहती थी। इसलिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद गांव-गांव जाकर मैनपुरी में वोट मांगे। अभी डिंपल यादव 25 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। सपा प्रत्याशी को सबसे ज्यादा बढ़त जयवंतनगर विधानसभा में मिली है। जसवंतनगर विधानसभा से शिवपाल यादव विधायक हैं। शिवपाल यादव ने कहा भी था कि अगर कहीं से कोई गड़बड़ी होगी तो जसवंतनगर संभाल लेगा। शिवपाल यादव का आशीर्वाद जसवंतनगर विधानसभा में मिल रहा है।