Logo
Header
img

मुखिया हत्याकांड के लाइनर को किया गिरफ्तार

बेगूसराय, 21 फरवरी (हि.स.)। दो फरवरी को परना पंचायत के मुखिया वीरेन्द्र शर्मा की दिनदहाड़े हुई हत्या मामले में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अब एसपी खुद सड़क पर उतर आए हैं। बीती देर रात एसपी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस ने परना गांव में जाकर छापेमारी किया। सदर डीएसपी अमित कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष, नीमा चांदपुरा थानाध्यक्ष, लोहिया नगर सहायक थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर (विधि व्यवस्था) एवं वज्रा टीम के साथ देर रात अचानक पहुंचे एसपी ने छापेमारी कर हत्याकांड के अभियुक्त जमील अंसारी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड के बाद यह गांव में घूम कर लोगों को बम से उड़ाने की धमकी दे रहा था। एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मुखिया हत्याकांड में जमील अंसारी भी लाइनर की भूमिका में था। जमील को उसके घर से ही गिरफ्तार किया गया है, आने वाले दिनों में और कार्रवाई होगी। फरहा चल रहे शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न तरीके से अनुसंधान चल रहा है। जल्द ही शेष लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो फरवरी को 11:20 बजे दिन में परना पंचायत के मुखिया वीरेन्द्र शर्मा की गोली मारकर हत्या तरैया के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों के द्वारा कर दी गई थी। विशेष टीम में अंजूम उर्फ फैज अहमद, मो. फरहान, मो. इश्तियाक को चार फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। हत्याकांड के मुख्य आरोपी पूर्व मुखिया मो. महफूज ने पुलिस की छापेमारी एवं दविश तथा घर की कुर्की किए जाने के भय से छह फरवरी को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को मुखिया वीरेन्द्र शर्मा के हत्यारों की गिरफ्तारी एवं उन्हें फांसी की सजा दिलाने की मांग को सैकड़ों महिला एवं पुरूष ने जिला मुख्यालय में मुंह पर काली पट्टी बांध कर प्रतिरोध मार्च निकाला तथा एसपी आफिस का घेराव भी किया था। घेराव में शामिल ग्रामीणों का कहना था कि दो फरवरी को मुखिया की गोली मार हत्या किए जाने के बाद ही पुलिस के समक्ष पूर्व मुखिया महफूज अंसारी को नामजद किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से हत्या के दूसरे दिन ही लाइनर पूर्व मुखिया के पुत्र मो. फरहान समेत दो अन्य अंजूम उर्फ फैज अहमद एवं मो. इश्तियाक को गिरफ्तार कराया गया। हत्या के साजिशकर्ता सह पूर्व मुखिया महफूज अंसारी ने भी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद भी पुलिस हत्या में शामिल शूटरों और प्राथमिकी में नामजद आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गांव में खुलेआम घूम रहे हत्यारे गांव को बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद एसपी योगेन्द्र कुमार ने दिवंगत मुखिया वीरेन्द्र शर्मा की पत्नी समेत अन्य लोगों से वार्ता कर जल्द गिरफ्तारी और ग्रामीणों को सुरक्षा दिए जाने का भरोसा दिलाया था। ग्रामीणों से मिले महत्वपूर्ण इनपुट के बाद एसपी स्वयं भारी संख्या में पुलिस बल के साथ परना गांव पहुंच कर छापेमारी किया तो जमील अंसारी को उसके घर से ही गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
Top