नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार स्थित जिंजर होटल के बाहर हुई फायरिंग की वारदात का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय एक युवक और एक नाबालिग को पकड़ा है। आरोपितों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि होटल में पार्टी के दौरान हुए बिल विवाद और कथित बेइज्जती का बदला लेने के लिए फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक 20 और 21 मई की दरम्यानी रात विवेक विहार स्थित जिंजर होटल के गेट पर हेलमेट और मास्क लगाए बदमाश पहुंचे थे। आरोपितों ने होटल के बाहर चार राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद विवेक विहार थाने में एफआईआर संख्या 249/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल की ईस्टर्न रेंज को जांच सौंपी गई। इंस्पेक्टर सुनील तेवतिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार 23 मई को स्पेशल सेल को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपित गाजीपुर इलाके में अपने एक साथी से मिलने आने वाले हैं। इसके बाद गाजीपुर पेपर मार्केट के पास लिंक रोड पर जाल बिछाया गया। पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उनकी पहचान शाहदरा के भोला नाथ नगर निवासी अजय उर्फ अज्जू (19) और एक नाबालिग के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो-दो जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में सामने आया कि मई के दूसरे सप्ताह में आरोपितों के कुछ दोस्त जिंजर क्लब में पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी खत्म होने के बाद बिल भुगतान को लेकर क्लब प्रबंधन और उनके बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद आरोपितों ने बदला लेने की साजिश रची। पुलिस जांच में पता चला कि अजय मूल रूप से बदायूं का रहने वाला है और आठवीं तक पढ़ाई करने के बाद गलत संगत में पड़ गया था। वर्ष 2025 में वह हत्या के प्रयास के एक मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है। जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान शातिर अपराधियों से हुई थी। पुलिस के अनुसार अजय के एक दोस्त ने उसे होटल पर फायरिंग करने के लिए उकसाया था। आरोपियों को अवैध हथियार और एनटॉर्क स्कूटी भी उपलब्ध कराई गई थी। 20-21 मई की रात दोनों ने होटल के बाहर पहुंचकर चार गोलियां चलाईं ताकि होटल प्रबंधन को डराया जा सके। स्पेशल सेल अब आरोपितों को हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क और फरार अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।