Logo
Header
img

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट, निवेशकों को लगी 8.49 लाख करोड़ की चपत

- सेंसेक्स ने निचले स्तर से 1,286 अंक तक की रिकवरी की, निफ्टी भी निचले स्तर से 380 अंक तक उछला

नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार दूसरे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। पश्चिम एशिया संकट की वजह से कच्चे तेल की कीमत में आई जोरदार तेजी, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कमजोर ग्लोबल संकेतों की वजह से आज के कारोबार की शुरुआत भी बड़ी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाना शुरू कर दिया, जिसकी वजह से बाजार की स्थिति में काफी सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.71 प्रतिशत और निफ्टी 1.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। मेटल, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में आज दो से चार प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा हेल्थ केयर, एफएमसीजी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.97 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 441.19 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 449.68 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,536 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 972 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,379 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 185 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,978 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 471 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,507 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 5 शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 8 शेयर हरे निशान में और 42 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,862.15 अंक की कमजोरी के साथ 77,056.75 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण यह सूचकांक 2,494.35 अंक लुढ़क कर 76,424.55 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश शुरू कर दी, जिसकी वजह से इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। खरीदारों की लगातार कोशिश के कारण आज का कारोबार खत्म होने के कुछ देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 1,286.80 अंक सुधर कर 1,207.55 अंक की गिरावट के साथ 77,711.35 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि, आखिरी 20 मिनट के कारोबार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 145.19 अंक फिसल कर 1,352.74 अंक की गिरावट के साथ 77,566.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 582.40 अंक टूट कर 23,868.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक 752.65 अंक गिर कर 23,697.80 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की स्थिति में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 380.35 अंक की रिकवरी कर 372.30 अंक की गिरावट के साथ 24,078.15 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि आखिरी 20 मिनट के कारोबार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 50.10 अंक लुढ़क कर 422.40 अंक की कमजोरी के साथ 24,028.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से विप्रो 1.71 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.37 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 0.71 प्रतिशत, इंफोसिस 0.50 प्रतिशत और सन फार्मास्यूटिकल्स 0.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टीएमपीवी 5.35 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 5.08 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 4.65 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 4.60 प्रतिशत और बजाज ऑटो 4.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

Top