हरियाणा मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ द्वारा 35 हजार 400 वेतनमान देने की मांग को लेकर की जा रही हड़ताल 18 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। धरने की अध्यक्षता कर रहे जिला क्नवीनर शिव कुमार श्योराण ने हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों के मिनिस्ट्रीयल स्टाफ का सांझा संगठन हरियाणा मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन हेमसा के आह्वान पर 25 अगस्त 2014 के मंत्रिमंडल के फैसले अनुसार लिपिक का वेतन 35400 रुपए की नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर प्रदेश के 35000 कर्मचारी 12 जुलाई से हड़ताल पर हैं।
कर्मचारी नेता शिव कुमार श्योराण ने कहा कि 25 अगस्त 2014 के मंत्रिमंडल के फैसले अनुसार लिपिक को 35400, अस्सिटेंट/स्टेनोग्राफर/स्टेटिकल अस्सिटेंट को 44900, डिप्टी सुपरीडेंट को 47600, सुपरीडेंट को 56100 रुपये वेतन देने की मांग मानी जा चुकी है। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले अपने घोषणा पत्र में भी पंजाब के समान वेतनमान देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि आज सरकार सफल हड़ताल की परवाह किए बिना अपने ही वादे से मुकर कर जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हेमसा के आह्वान पर सभी विभागों के लिपिक 35000 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों के जोश को देखते हुए 18 जुलाई तक हड़ताल बढ़ा दी है। श्योराण ने प्रदेश के सभी लिपिकीय संगठनों को सांझा मोर्चा बना कर निर्णायक आंदोलन के निर्माण का आह्वान किया। हड़ताली कर्चारियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित यूनियन के प्रदेश महासचिव सरबत सिंह पूनिया, जिला सचिव सुरजीत दूसाद, भट्टू के प्रधान हरपाल हुड्डा, जिला कैशियर कृष्ण जाखड़, जिला सचिव देशराज माचरा ने कहा कि सभी विभागों के कर्मचारियों द्वारा हड़ताली क्लर्कों का समर्थन जारी रहेगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा यदि सरकार 35400 वेतन की नोटिफिकेशन जारी नहीं करती तो हरियाणा मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन द्वारा 18 जुलाई को बैठक कर आगामी हड़ताल व आंदोलन की घोषणा की जाएगी। मंच का संचालन हरपाल हुड्डा ने किया। इस मौके पर कर्मचारी नेता रमेश तुशामड़, राजपाल, जोगिंदर भ्याणा, कुरड़ा राम पूनिया, पृथ्वी सिंह बाना, लाधुराम, आत्मा राम, राजेन्द्र गोदारा, नरेश कुमार, सतपाल, शेर सिंह, विक्रम, चुन्नी लाल, इन्द्र पाल सहारण आदि ने कर्मचारियों को संबोधित किया।