Logo
Header
img

आज सूर्यादय पूर्व और सूर्यास्त ठीक पश्चिम में, लेकिन दिन-रात नहीं होंगे बराबर

भोपाल, 21 मार्च। वर्षों से यह बात कही जा रही है कि हर साल 21 मार्च को दिन और रात बराबर होते हैं, लेकिन यह बात सच नहीं है। सूर्योदय ठीक पूर्व दिशा से होगा और सूर्यास्त ठीक पश्चिम में होगा। इस खगोलीय घटना को इक्वीनॉक्स कहते हैं। आज (मंगलवार को) भोपाल में सूर्योदय सुबह 6ः24 बजे पर हुआ, जबकि शाम को सूर्यास्त 6ः31 बजे होगा। इस प्रकार दिन की अवधि 12 घंटे 07 मिनट रही, जबकि रात की आवधि 11 घंटे 53 मिनट। नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि पृथ्वी के अपने अक्ष पर झुके हुये सूर्य की परिक्रमा करते रहने से साल में दो इक्वीनॉक्स आते हैं, जिनमें से पहला आज है। पृथ्वी के भूमध्य रेखा के ऊपर एक काल्पनिक रेखा पर आज सूर्य की स्थिति आ जाती है। आज पृथ्वी की धुरी न तो सूर्य की ओर झुकी है और न ही दूर है। इस कारण यह सूर्य की किरणों के लम्बवत है। आज के दिन सूर्योदय ठीक पूर्व दिशा में होगा तथा सूर्यास्त ठीक पश्चिम दिशा में होगा। सारिका ने बताया कि सोशल मीडिया में आज दिन और रात बराबर होने की बात कही जाती है, जबकि दिन की अवधि आज रात से लगभग 7 मिनट अधिक है। दिन -रात बराबर होने की घटना इसके कुछ दिन पहले हो चुकी है। उन्होंने बताया कि एक अन्य भ्रांति यह है कि आज के दिन अंडा अपने सिर पर खड़ा हो जाता है, जबकि यह इसे अभ्यास करके साल के हर दिन खड़े किया जा सकता है। मार्च इक्वीनॉक्स की यह घटना 19, 20 या 21 मार्च को होती है। इस साल यह 21 मार्च को हो रही है। उन्होंने बताया कि साल 2022 में यह खगोलीय घटना 20 मार्च को हुई थी, जबकि अगले साल यानी 2024 में भी यह घटना 20 मार्च को होगी।
Top