Logo
Header
img

ग्वालियर- चंबल संभागों में भारी वर्षा का अलर्ट

भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। अक्टूबर माह में भी बादल प्रदेश को जमकर भीगा रहे हैं। मौसम विभाग ने आज (सोमवार) से वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई है। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई है। कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून की विदाई देरी से हो रही है। 20 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ममता यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है। इस चक्रवात से लेकर अरब सागर तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो मध्य प्रदेश की सीमा से लगकर गुजरात होते हुए जा रही है। इसके अतिरिक्त एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर ट्रफ के रूप में बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान पर बने चक्रवात को अरब सागर से लगातार नमी मिल रही है। चक्रवात के उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढक़र सोमवार को दक्षिणी मध्य प्रदेश एवं उससे लगे उत्तर प्रदेश पर पहुंचने की संभावना है। इस वजह से सोमवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान ग्वालियर, चंबल एवं सागर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। यह मौसम प्रणाली तीन-चार दिन तक बने रहने के आसार हैं, जिसके चलते-चलते मध्य प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला अभी बना रहेगा।

Top