यमुनानगर: मंडियों में पड़ा गेहूं बारिश में भीगा
यमुनानगर, 21 अप्रैल हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार की रात हुई बेमौसमी बारिश और तेज हवाओं के कारण जहाँ लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बरसात के कारण खेतों में कटी पड़ी किसानों की फसल और अनाज मंडी जगाधरी में खुले में पड़ी हजारों क्विंटल गेहूं भीग गई है।
बारिश की चेतवानी के बाद भी अनाज मंडी में खुले में रखे गेहूं पर तरपाल नही डाली गई। जिससे आसमान के नीचे खुले में रखा हजारों क्विंटल गेहूं वर्षा की भेंट चढ़ गया। इसका एक कारण समय पर गेहूं का उठान ना होना बताया जा रहा है। अब कई दिन तक फसल की कटाई का कार्य प्रभावित होगा।
मंडी में रखा हजारों की क्विंटल गेहूं जो सरकार द्वारा किसान से खरीदा गया था और कुछ ऐसा गेहूं था जो अभी सरकार द्वारा खरीदा जाना था। वहीं तेज हवा के साथ आई बारिश के कारण क्षेत्र के कई किसानों की खेतों में कटाई के लिए खड़ी फसल भी नीचे गिर गई। जिससे उन्हें आर्थिक रूप से नुक्सान हुआ है।
मंडी में गेहूं बेचने आए गांव रजपुरा के रामेश्वर व गधौली के चरण सिंह ने बताया कि मंडी में गेंहू बेचने के लिए आए थे। लेकिन मंडी में इंतजाम न होने व धीमे उठान के कारण उनकी गेंहू भीग गई हैं। सरकार को चाहिए कि मंडी में तरपाल का सही इंतजाम हो व उठान में तेजी लाई जाए। किसानों का कहना है कि सरकार व मंडी प्रशासन की लापरवाही से मंडी में पड़े हजारों कट्टे गेंहू के भीग कर खराब हो गए हैं।