Logo
Header
img

पहलवानी के विवाद में गोलियां बरसाकर तीन की हत्या

भरतपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भुसावर थाना इलाके के पथैना गांव में गुरुवार देर शाम आपसी रंजिश में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हो गई। दस मिनट तक बाजार में गोलियां चलती रही। गोली लगने से पिता और उसके दो बेटों की मौत हो गई। मरने वालों में एक आरएसी का जवान शामिल है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में पहलवानी को लेकर रंजिश चल रही थी।

जानकारी के मुताबिक पथैना गांव के विजेंद्र सिंह (55) के बेटे हेमू (28) और किशन (24) गुरुवार दोपहर खेड़ली के बाजार गए थे। बाजार में घूमने के लिए मोहन सिंह का बेटा सतेंद्र (21) भी गया हुआ था। बाजार में हेमू, किशन और सतेंद्र के बीच कहासुनी हो गई। हेमू और किशन ने सतेंद्र के साथ मारपीट कर दी। सतेंद्र ने घर आकर यह बात अपने पिता और छोटे भाई धर्मेंद्र को बताई। इसके बाद सतेंद्र और धर्मेंद्र, हेमू और किशन से भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चली और फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब दस मिनट तक दोनों पक्षों में फायरिंग हुई। लोगों ने डर के कारण अपने घरों के गेट बंद कर लिए।

फायरिंग में विजेंद्र, उसके बड़े बेटे हेमू और छोटे बेटे किशन की मौत हो गई। किशन आरएसी में तैनात था। दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र की गर्दन में गोली लग गई। सभी घायलों को भुसावर हॉस्पिटल लेकर गए। जहां से उन्हें भरतपुर आरबीएम हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। विजेंद्र, हेमू और किशन के शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

सतेंद्र ने बताया कि विजेंद्र के बेटे पहलवानी करते हैं। वहीं सतेंद्र और धर्मेंद्र भी पहलवानी करते हैं। इसलिए दोनों में विवाद होता रहता है। जिसकी वजह से दोनों पक्ष आपस में रंजिश रखते हैं। उसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। वहीं मोहन सिंह का कहना है कि दोनों पक्ष के बच्चों में पुरानी रंजिश थी। फिलहाल पुलिस ने मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया है और धर्मेंद्र और सतेंद्र भी पुलिस की निगरानी में है।

Top