अम्बाला, 3 जनवरी
उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने मंगलवार को बाढ़ प्रबंधन विषय के दृष्टिगत वर्ष 2023-24 में सिंचाई विभाग व अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं परियोजनाओं का सम्बन्धित अधिकारियों के साथ आज निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम अम्बाला छावनी सतिन्द्र सिवाच व सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ए.के. रघुवंशी मौजूद रहे।
उपायुक्त डा0 प्रियंका सोनी ने बाढ़ प्रबंधन विषय के दृष्टिगत वर्ष 2023-24 में सिंचाई विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं परियोजनाओं के अंतर्गत सबसे पहले खुड्डा कलां में जाकर यहां पर 58 लाख रूपये की लागत से बनाई जाने वाली 8 सीसी की ट्रफ (डे्रन) का निरीक्षण किया। इसी के साथ-साथ उन्होने खुड्डा खुर्द में ही 25 लाख रूपये की लागत से पानी की निकासी के लिए डाली जाने वाली पाईप लाईन के कार्य का भी निरीक्षण किया। पाईप लाईन के माध्यम से बरसाती पानी को ओमना नदी में डालने का काम किया जायेगा। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने करधान में 25 लाख रूपये की लागत से बांध की उंचाई को बढ़ाने व मिट्टी डालने के कार्य का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने इसके उपरांत महेशनगर पंप हाउस के नजदीक लगभग 1500 फुट में 5.50 करोड़ रूपये की लागत से बनाई जाने वाली क्यूनट ड्रेन का भी निरीक्षण किया। सम्बन्धित अधिकारियों से उन्होंने इस ड्रेन की रूपरेखा की जानकारी हासिल करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही महेशनगर पम्प हाउस में 15 लाख रूपये की लागत से लगाए जाने वाले ट्रांस्फार्मर के कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने इसके बाद बब्याल पम्प हाउस पर भी जाकर यहां पर भी लगने वाले 500 केवी ट्रांस्फार्मर के कार्य की तथा उसके बाद 80 लाख रूपये की लागत से दुखेड़ी-फडौली में खेतों में से बरसाती पानी की निकासी के लिए लगाई जाने वाली पाईप लाईन के कार्य का निरीक्षण किया। सम्बन्धित अधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि यहां से पानी की निकासी के कार्य को पाईप लाईन से करते हुए जोधा नाले में डालने का काम किया जायेगा। बाढ़ प्रबंधन परियोजनाओं के तहत उपायुक्त ने मोहड़ी में 50 लाख रूपये की लागत से बरसाती पानी की निकासी के लिए डाले जाने वाली पाईप लाईन, कलालमाजरी में भी 50 लाख रूपये की लागत से बरसाती पानी की निकासी के लिए डाले जाने वाली पाईप लाईन व अद्दोमाजरा में भी 65 लाख रूपये की लागत से बरसाती पानी की निकासी के लिए डाले जाने वाली पाईप लाईन के कार्यों का निरीक्षण किया। यहां से पानी की निकासी का कार्य करते हुए इसे नाले में डालने का काम किया जायेगा। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रबंधन के तहत जो भी परियोजनाएं स्वीकृत की जायेंगी उन सभी पर समय रहते कार्य होना चाहिए।
इस मौके पर एसडीएम सतिन्द्र सिवाच, कार्यकारी अभियंता रणबीर त्यागी, कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार, तहसीलदार सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार यशवंत के साथ-साथ सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।