जम्मू, 20 अप्रैल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को गुरुवार दोपहर एक बार फिर बहाल कर दिया गया है। गुरुवार सुबह रामबन जिले के हिंगनी तथा नच्चलाना क्षेत्र में भूस्खलन के चलते राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि रामबन के हिंगनी, नच्चलाना क्षेत्र में बड़े भूस्खलन के बाद सड़क अवरुद्ध हो गई थी। इस दौरान पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर तथा मलबा राजमार्ग आ गिरे। उन्होंने कहा कि हालांकि कर्मचारियों और मशीनरी को सेवा में लगाया गया और अब मार्ग को साफ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों ओर से यातायात की अनुमति दे दी गई है। हालांकि उन्होंने लोगों को लेन अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी है।
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग घाटी की जीवन रेखा है, क्योंकि इस सड़क के माध्यम से सभी खाद्य और अन्य आवश्यक वस्तुओं का परिवहन किया जाता है। इस बीच जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने भी मलबे की सफाई के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों छोर से यात्री वाहनों की आवाजाही जारी है।