Logo
Header
img

मोदी, शाह और योगी के त्रिपुरा दौरे से विस चुनाव प्रचार में आएगी तेजी

अगरतला, 04 फरवरी (हि.स.)। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में जल्द ही भाजपा के प्रचार में सुनामी आने वाली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह फरवरी को और 11 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी त्रिपुरा का दौरा करेंगे। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनाव प्रचार के लिए त्रिपुरा आएंगे। भाजपा के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह फरवरी को त्रिपुरा में दो जगहों पर चुनावी रैलियों में हिस्सा लेंगे। वह दक्षिण त्रिपुरा जिले के शांतिरबाजार और खोआई जिले के खोआई शहर में प्रचार करेंगे। इसके बाद गृह मंत्री 12 फरवरी को फिर से त्रिपुरा आएंगे और चुनावी रैली में हिस्सा लेंगे। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 फरवरी को त्रिपुरा में दो स्थानों पर चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। उस दिन वे धलाई जिले के अंबासा और गोमती जिले के उदयपुर में दो स्थानों पर चुनाव प्रचार करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री 13 फरवरी को फिर त्रिपुरा आएंगे और अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में होने वाली केंद्रीय रैली में शामिल होंगे। विशेष कारणों से कार्यक्रम में बदलाव नहीं हुआ यह तय मानकर प्रदेश भाजपा केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री के त्रिपुरा दौरे की तैयारियों में जुटी है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सात फरवरी को चुनाव प्रचार के लिए त्रिपुरा आएंगे। वे दो दिन त्रिपुरा में प्रचार करेंगे। इनके अलावा भाजपा के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के 09 फरवरी को फिर से त्रिपुरा का दौरा करने की संभावना है।
Top