Logo
Header
img

3 फरवरी को राज्य में धुंआधार प्रचार करेंगे भाजपा के दिग्गज

अगरतला, 2 फरवरी (हि.स.)। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव प्रचार का भाजपा 3 फरवरी को अपनी 'विजय संकल्प' रैली से तूफानी आगाज करने जा रही है। पार्टी के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, नेडा के संयोजन और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा समेत स्टार प्रचारकों की रैली चुनाव प्रचार में कार्यकर्ताओं में अतिउत्साह का संचार करेगी। इसके लिए भाजपा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगामी शुक्रवार को अमरपुर और पबियाछड़ा विधानसभा क्षेत्र में दो जनसभाओं में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा के जनजाति मोर्चा के अखिल भारतीय अध्यक्ष सांसद समीर उरांव, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विस्व सरमा, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, सांसद दिलीप घोष, केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, सांसद लॉकेट चट्टोपाध्याय, सांसद राजदीप रॉय और भाजपा के केंद्रीय नेता मिथुन चक्रवर्ती भी अन्य स्थानों पर जनसभा करेंगे। नड्डा शुक्रवार की दोपहर 12 बजे अमरपुर और शाम 4 बजे पबियाछड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा विशालगढ़ और शांतिबाजार में सांसद दिलीप घोष, धर्मनगर और बागबासा में सांसद राजदीप राय, करमछड़ा और सूरमा में सांसद समीर उरांव और तेलियामुरा और कमलासागर में पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी जनसभाओं में हिस्सा लेंगे। इसी तरह बनमालीपुर, कृष्णापुर और सूर्यमणिनगर में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर बधारघाट और काकरावां-शालगढ़, सांसद लॉकेट चट्टोपाध्याय सारिलाम और बक्सानगर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी टाउन बाराडोवाली और नलचरा में तथा भाजपा के केंद्रीय नेता मिथुन चक्रवर्ती बामुटिया, मंदाई बाजार और खैरपुर में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बिप्लप कुमार देब शुक्रवार को रामनगर और अगरतला में 'विजय संकल्प' रैलियों में भाग लेने वाले हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य प्रतापगढ़ में, सांसद रेवती त्रिपुरा अंबासा और राइमा घाटी में और केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार धनपुर और सोनमुरा में प्रतिमा भौमिक चुनाव प्रचार करेंगी।
Top