Logo
Header
img

अनियंत्रित बोलेरो डिवाइडर पर चढ़ी, छह को कुचला-तीन की मौत

बाड़मेर, 14 नवंबर (हि.स.)। सिणधरी कस्बे में रविवार रात बोलेरो ने सड़क किनारे चल रही महिलाओं सहित छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में 2 महिलाओं सहित 3 जनों की मौत हो गई। जबकि, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार सिणधरी कस्बे में शाम करीब 6.30 बजे बेकाबू बोलेरो डिवाइडर पर चढ़ गई थी। बछड़े को टक्कर मारती हुई गाड़ी ने राह चलते लोगों को कुचल दिया। हादसा इतना भंयकर था कि दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो लोगों के पैर कट गए। गनीमत रही कि अनियंत्रित बोलेरो आगे खड़े कैंपर ट्रोले से जाकर टकरा गई। वरना कई और लोगों की जान जा सकती थी। हादसे के बाद घायलों को बाड़मेर के सिणधरी हॉस्पिटल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद यहां से घायलों को रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घायलों को बाड़मेर के सिणधरी हॉस्पिटल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद यहां से घायलों को रेफर कर दिया गया। मरने वालों में अणसीदेवी (45) पत्नी बादराराम और कोकू देवी (43) पत्नी खेताराम निवासी मालपुरा शामिल हैं। बादराराम (50) पुत्र वीराराम निवासी मालपुरा, यशवंत कुमार (25) पुत्र गौतम निवासी उदयपुर के पैर कट गए हैं। जसराज (4) और उसके पिता खेताराम (50) पुत्र राणाराम निवासी मालपुरा, गुडामालानी, बाड़मेर के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान खेताराम की भी मौत हो गई। जसराज सहित तीन अन्य घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक यशंवत कुमार की नौकरी कुछ दिन पहले ही एलडीसी पद पर लगी थी। सिणधरी पंचायत समिति की डंडाली ग्राम पंचायत में वो कार्यरत हैं। वो सिणधरी कस्बे में काम से जा रहे थे कि हादसा हो गया। सिणधरी थानाधिकारी सुरेंद कुमार के मुताबिक शाम को बोलेरो बाड़मेर-जालोर हाईवे की तरफ जा रही थी। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और छह लोगों को रौंद दिया। शवों को सिणधरी अस्पताल में रखवाया गया है। उधर, बोलेराे को जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर भागने लगा था, पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
Top