Logo
Header
img

औरंगजेब के रास्ते पर चल रही गहलोत सरकार : शेखावत

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला और सरकार को पूरी तरह निकम्मी करार दिया। उन्होंने कहा कि इस सरकार को अब प्रदेश की जनता और नहीं सहन करेगी। आने वाले चुनाव में यह सरकार जाने वाली है, क्योंकि सरकार ने न अपने वादे पूरे किए और न ही सुशासन स्थापित किया। गहलोत सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए शेखावत ने कहा कि राजस्थान तुष्टीकरण की राजधानी बन गया है। कांग्रेस पार्टी और तुष्टीकरण का चोली दामन का साथ है। यह सरकार औरंगजेब के रास्ते पर चल रही है।

बुधवार को मेडिकल कॉलेज चौराहे पर 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान के तहत आयोजित सभा में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इस सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं से वादे किए गए थे। कहा था कि सुशासन स्थापित करेंगे। कानून का राज स्थापित करेंगे, लेकिन सरकार के अस्तित्व में आते ही कांग्रेस में जिस तरह से किस्सा कुर्सी का शुरू हो गया और साढ़े चार साल से यही चल रहा है। जनता इसे अब तक सहन कर रही थी, लेकिन अब सहन नहीं करेगी।

शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार ने किसान को कर्जमाफी का लॉलीपॉप दिया, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। अब किसानों पर उसकी जमीनों की नीलामी की तलवार लटक कर रही है। सैकड़ों किसान आत्महत्या करने को मबजूर है।

शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें गहलोत ने कहा था कि पेपरलीक प्रकरण में न कोई नेता है और न ही कोई अधिकारी। शेखावत बोले, सत्रह पेपरलीक हुए, तब तक गहलोत कहते थे, न अधिकारी और न कोई मंत्री शामिल है, लेकिन अब अधिकारी भी पकड़ा गया और नेताजी भी। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के परिवार के चार-चार लोग आरएएस बन गए। आठवीं में तीन बार फेल होने वाले आरएएस बन जाते हैं। मैं चुनौती के साथ कहता हूं डोटासराजी को कि आप में हिम्मत है तो अपने परिवार के लोगों को वापस आरएएस की परीक्षा दिला दो।

कांग्रेस और तुष्टीकरण का चोली दामन का साथ

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान तुष्टिकरण की राजधानी बन गया। कांग्रेस पार्टी और तुष्टीकरण का चोली दामन का साथ है। करौली में दंगा हुआ, रामनवमी के जुलूस पर छतों से पत्थर बरसाए गए। सरकारी की गुप्तचर सेवा कहां गई थी? दंगा में माताओं-बहनों के साथ दुर्व्यवहार हुआ, लेकिन गहलोत सरकार ने जांच में भी तुष्टीकरण किया। गिरफ्तारी में भी तुष्टीकरण। सालासर में रामदरबार को तोड़ा गया। अलवर में शिवलिंग को ड्रिल कर तोड़ा गया। यह सरकार औरंगजेब के रास्ते पर चल रही है। इसके चलते भीलवाड़ा और जोधपुर में दंगा हुआ। इसी तुष्टीकरण की नीति के चलते कन्हैयालाल हत्याकांड हुआ। उन्होंने फिर जनता से पूछा- क्या हम इस तुष्टीकरण की सरकार को सहन करेंगे? जनता बोली- नहीं।

शेखावत ने कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल है। न काम दे सकी और न ही सुरक्षा दे सकी। न तस्करों को रोक सकी और न ही योजनाओं का क्रियान्वयन किया। राहत शिविर लगाकर किसानों के साथ नाटक किया। सरकार जितनी राहत बिजली में दे रही है, दूसरे हाथ से टैक्स लगाकर निकाल रही है। किसानों को झुनझुना पकड़ा दिया। बिल डेढ़ गुना बढ़ा दिया। सिलेंडर के नाम पर भी धोखा किया। पेट्रोल पूरे देश में सबसे महंगा।

भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने प्रदेश में अराजकता, भ्रष्टाचार, लूट, महिला शोषण, बाल अपराध, बेरोजगारी, किसान से छल, बिगड़ी कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज बुलन्द की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने निक्कमी भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प किया। धरने को जिला अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा, महापौर वनिता सेठ, जिला संयोजक राजेन्द्र पालीवाल, जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल, पूर्व ज़िला अध्यक्ष जगतनारायणं जोशी, अतुल भंसाली सहित अनेक भाजपा नेताओं ने सम्बोधित किया। धरने में संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिले के पदाधिकारी, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, शक्ति केंद्र संयोजक सह संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति, सभी स्तर के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Top