Logo
Header
img

भारत गठबंधन का अस्तित्व नहीं रहेगा: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

चेन्नई (तमिलनाडु), 20 फरवरी (हि.स.)। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में इंडिया ब्लॉक पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह ने कहा कि गठबंधन अस्तित्व में नहीं रहेगा क्योंकि सीट-बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं है। हरदीप पुरी ने कहा, "मुझे लग रहा है कि जब यह परिचर्चा समाप्त होगी तो भारतीय गठबंधन का अस्तित्व भी नहीं रहेगा।" उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक में सीट बंटवारे पर अब चर्चा कहां है। चेन्नई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने राज्य के साथ अपने संबंधों के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि "तमिलनाडु के साथ मेरे बड़े ही करीबी एवं पारिवारिक संबंध हैं। भारत की वृद्धि की तुलना अन्य देशों की आर्थिक वृद्धि से करते हुए हरदीप सिंह कहा कि आधी दुनिया मंदी का सामना करने जा रही है और आधी दुनिया मंदी से जूझ रही है। जापान एक समय सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी लेकिन वह भी अब मंदी से प्रभावित है। जर्मनी चौथा सबसे तेज अर्थव्यवस्था वाला देश है लेकिन वह भी लगभग मंदी की रेखा पर है। उन्होंने आगे कहा कि एक समय भारत लगभग नाजुक स्थिति में था लेकिन जीडीपी के मामले में हम शीर्ष तीन देशों में शामिल होंगे। तमिलनाडु को विभिन्न योजनाओं के लिए केंद्र से धन मिलने के बारे में विस्तार से बताते हुए हरदीप सिंह ने कहा कि लगभग सभी राज्य सरकार की योजनाएं केंद्र सरकार के धन से चलती हैं, लेकिन तमिलनाडु में राज्य सरकार की योजनाओं का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह तमिलनाडु सरकार की पूरी डेटा की पुस्तिकाएं मैं भेजूंगा, उन्हें पढ़िए। मोदी सरकार की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 11 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए और 13 लाख घर बनाये गये। साथ ही साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 4 करोड़ घर स्वीकृत भी किये गये हैं। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों की संख्या अब 75 से बढ़कर 149 हो गई है। तेल की कीमतों को लेकर तमिलनाडु सरकार पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतें महाराष्ट्र और गोवा की कीमतों से 5 रुपये अधिक हैं। भाजपा शासन की राज्य सरकारों ने अपने राज्यों में कीमत को कर कम कर दिया है। भाजपा तमिलनाडु प्रमुख अन्नामलाई ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को तमिल में अनुवादित एक थिरुकुरल पुस्तक भेंट की।
Top