बिजनौर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र में नहटौर-नौगावां सादात मार्ग पर ग्राम लिंडरपुर चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज गति से आ रही दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और जानमाल का अधिक नुकसान होने से बच गया।
किआ कार नहटौर की ओर से आ रही थी। इसे सचिन पुत्र ओमप्रकाश निवासी अहमद नगर, अमरोहा चला रहे थे। गाड़ी में उनके साथ अनु पत्नी योगेन्द्र, सूरज पुत्र सुरेन्द्र शर्मा , गुड्डो पत्नी योगेश सवार थे। ये सभी अहमद नगर, अमरोहा के निवासी हैं। दूसरी ओर अर्टिगा कार नौगावां अमरोहा की दिशा से आ रही थी। इसमें वक़ील पुत्र शौकीन और जावेद पुत्र तहसीन निवासी जाफ़राबाद कुई सवार थे। नहटौर-नौगावां सादात मार्ग पर नूरपुर अमरोहा रोड स्थित ग्राम लिंडरपुर के पास दोनों काराें की आमने-सामने टक्कर हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना नूरपुर पुलिस के अंतर्गत आने वाली चौकी गोरक्षा धाम (झंडा चौकी) से हेड कांस्टेबल भूपेंद्र और कांस्टेबल राहुल भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।----------