Logo
Header
img

बिजनौर पहुंची मंडलायुक्त, महात्मा विदुर राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का किया निरीक्षण

बिजनौर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मंडलायुक्त मुरादाबाद मंडल संगीता सिंह, आईएएस ने आज महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बिजनौर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।

निरीक्षण की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में महात्मा विदुर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात मंडलायुक्त ने अकादमिक ब्लॉक एवं नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने महाविद्यालय को हाईवे से जोड़ने के लिए अप्रोच रोड के निर्माण, बस स्टैंड की व्यवस्था तथा कचरे के उचित निस्तारण के संबंध में चर्चा की। साथ ही स्वाहेड़ी स्थित एल-2 ट्रॉमा सेंटर एवं नर्सिंग कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की।

इसके उपरांत मंडलायुक्त ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय के 200 बेडेड नवीन भवन, नवीन ऑपरेशन थिएटर (ओटी) एवं ओपीडी ब्लॉक का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने, मरीजों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्युत उपकरणों को सुचारु एवं अद्यतन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के संबंध में भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅक्टर ललिता चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी रण विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रजनीश शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील मलिक, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश गोस्वामी सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Top