Logo
Header
img

उप्र. राज्यपाल ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी

- 26 जनवरी को आकाशवाणी और दूरदर्शन से होगा राज्यपाल के संदेश का प्रसारण


लखनऊ, 25 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को जारी अपने बधाई सन्देश में कहा कि गणतंत्र दिवस का पर्व हम सभी को एक सूत्र में बांधने वाली भारतीयता के गौरव का उत्सव है। हमारा संविधान प्रत्येक भारतीय नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शन करता है।


उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और विविधता राष्ट्र की प्रगति का मूल मंत्र है। भारतीय लोकतंत्र की अद्वितीयता और शक्ति के कारण हम हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। यह दिवस हमें संविधान की ताकत और हमारे कर्तव्यों को समझने की प्रेरणा देता है।


राज्यपाल ने अपील की कि इस शुभ अवसर पर विविधता में एकता की संस्कृति को बनाये रखते हुए अपने संविधान निर्माताओं की आकांक्षाओं एवं महापुरुषों की इच्छाओं को पूर्ण करने का संकल्प लें और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करें। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल का जनता के नाम सन्देश 26 जनवरी को दूरदर्शन केन्द्र, लखनऊ से सुबह 8ः30 बजे और प्रदेश के सभी आकाशवाणी केन्द्रों से रात्रि आठ बजे प्रसारित किया जाएगा।


Top