Logo
Header
img

बागपत के मुगलपुरा मोहल्ला में बिजली फॉल्ट को लेकर बवाल, पथराव

बागपत, 28 मई (हि.स.)। बागपत के मुगलपुरा मोहल्ले में बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ झगड़ा हो गया। जिसके बाद वहां पथराव हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पथराव में दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात मोहल्ले में बिजली फॉल्ट हो गया था। शिकायत मिलने पर बृहस्पतिवार दोपहर विद्युत विभाग की टीम मरम्मत कार्य के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने कर्मचारियों का विरोध शुरू कर दिया और उनके साथ गाली-गलौज की। बढ़ते विवाद के चलते कर्मचारियों को काम रोकना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान कर्मचारियों पर पथराव किया गया। इतना ही नहीं, बिजली के खंभे पर लगी सीढ़ी को भी हटाकर फेंक दिया गया। हालात बिगड़ते देख विद्युत कर्मचारी वहां से हट गए। इसी बीच मोहल्ले के कुछ लोगों ने विरोध कर रहे एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना में अधिवक्ता गुलफाम घायल हो गए। वहीं नवाब और नगर पालिका की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों ने धारदार हथियार दिखाकर धमकाने का भी प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अवर अभियंता जेपी यादव ने बताया कि बिजली फॉल्ट ठीक कराने पहुंचे कर्मचारियों के दौरान आपसी रंजिश के चलते विवाद हुआ था। बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में फॉल्ट ठीक करा दिया गया। कोतवाल बागपत विजय चौधरी का कहना है जांच कराई जा रही है, पथराव में जो भी लोग शामिल हैं सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।

Top