लखनऊ, 29 मार्च। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) इस बार उत्तर प्रदेश में 12 हजार से अधिक स्थानों पर श्रीराम का जन्मोत्सव मनायेगी। विहिप ने इस कार्यक्रम का नाम रामोत्सव दिया है। उत्तर प्रदेश में रामोत्सव चैत्र राम नवमी यानि 30 अप्रैल से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेंगे। इन आयोजनों में विहिप के कार्यकर्ताओं के अलावा अधिक से अधिक जन सामान्य की सहभागिता सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
विश्व हिन्दू परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष होता है। क्षेत्र संगठन मंत्री ने बताया कि जहां भी विहिप की समिति है वह चाहे, गांव की समिति हो, न्याय पंचायत, खण्ड या प्रखण्ड की समिति हो सभी समितियों पर रामोत्सव के कार्यक्रम संपन्न होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में रामोत्सव का कार्यक्रम 30 अप्रैल से लेकर छह अप्रैल तक होंगे।
विश्व हिन्दू परिषद अवध प्रान्त के प्रान्त मंत्री देवेन्द्र मिश्र ने बताया कि अवध प्रान्त में विहिप की 2134 समितियां हैं। इन सभी समितियों पर भव्य रूप में रामोत्सव का कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि विहिप के कार्यकर्ता अभी तक समर्पण निधि के कार्यक्रम में जुटे थे। इसलिए इस बार रामोत्सव का कार्यक्रम थोड़ा बढ़ाना पड़ा। देवेन्द्र मिश्र ने बताया कि सभी स्थानों पर राम महोत्सव के पत्रक भेज दिये गये हैं। इस पत्रक में राम के गुणों का वर्णन के अलावा श्रीराम मंदिर के संघर्ष का इतिहास बताया गया है।