Logo
Header
img

विपक्ष भारतीय संस्कृति को मिटाने पर आमादा, हम मिटने नहीं देंगे : गणेश केसरवानी

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में देश तेजी के साथ उड़ान भर रहा है। भाजपा सरकार में भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ा है और पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए होड़ सी मची है। यही कारण है की तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों को पच नहीं रहा है और उनके लिए भाजपा को मिटाना तो एक बहाना है। असल में वह भारतीय संस्कृति को मिटाना चाहते हैं, जिसे हम किसी भी कीमत पर मिटने नहीं देंगे।

यह बातें मुख्य अतिथि महापौर एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर द्वारा सिविल लाइन कार्यालय में वोटर चेतना महाभियान की कार्यशाला में सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारे देश के वैज्ञानिकों ने चंद्रमा पर भारतीय चंद्रयान की लैंडिंग कर भारत का तिरंगा लहरा दिया है। अगला कदम हमारा सूर्य पर होगा। उन्होंने कहा जब देश का नेतृत्व मजबूत होता है तो देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ता है।

महापौर ने कहा कि भारत और भारतीय संस्कृति को संरक्षित करने के लिए हमें फिर से एक बार बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी की सरकार बनाना है। इसके लिए हमें वोटर चेतना महाअभियान को सफल बनाते हुए घर-घर जाकर नए मतदाता को जोड़ना है और मोदी सरकार को उपलब्धियां को जन-जन तक पहुंचाना है।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने वोटर चेतना महाअभियान के करणीय कार्यों पर जोर देते हुए कहा कि हमें प्रत्येक बूथों पर 100 नये मतदाता बनाने का लक्ष्य साधना है। जिसमें महिलाओं और नौजवानों की भागीदारी पर ज्यादा जोर देना है। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ 10, 15, 20 साल के लिए नहीं बल्कि अनंत काल तक भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर काम करें।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 25 और 26 अगस्त को मंडल स्तर पर कार्यशाला और 1 से 15 सितम्बर तक घर-घर जाकर मतदाता बनाने का अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला मतदाता सूची प्रमुख, सह प्रमुख विधानसभा मतदाता सूची प्रमुख, सह प्रमुख, चुनाव आयोग समन्वय एवं मंडल मतदाता सूची प्रमुख, सह प्रमुख, मंडल आईटी टीम आदि का गठन किया गया।

कार्यशाला का संचालन महामंत्री कुंज बिहारी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर पार्षद किरन जायसवाल, देवेश सिंह, रमेश पासी, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक गिरजेश मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, सचिन जायसवाल, सुभाष वैश्य, राजन शुक्ला, संजय श्रीवास्तव, शोभिता श्रीवास्तव, राजू राय, मनोज कुमार कुशवाहा, रोहित पप्पू पांडे एवं मंडल अध्यक्ष, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प, विभाग के पदाधिकारी कार्यकर्ता और पाषर्द उपस्थित रहे।

Top