Logo
Header
img

अब एंटरटेनमेंट कंपनी वॉल्ट डिज्नी ने 7 हजार कर्मचारियों की छंटनी करने का ऐलान किया

नई दिल्ली, 09 फरवरी (हि.स.)। दुनियाभर में मंदी की आशंका के मद्देनजर टेक कंपनियों में छंटनी का दौर जारी है। सोशल मीडिया साइट फेसबुक, ट्विटर से लेकर गूगल तक ने मंदी का हवाला देकर कर्मचारियों को बाहर निकाला है। इसमें अब सैन फ्रांसिस्को की दिग्गज एंटरटेनमेंट कंपनी वॉल्ट डिज्नी ने अपने 7 हजार कर्मचारियों की छंटनी करने का ऐलान किया है। कंपनी ने जारी एक बयान में बताया कि वह 7 हजार कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। कर्मचारियों को बाहर निकालने की घोषणा वॉल्ट डिज्नी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बॉब इगर ने बुधवार किया। कंपनी के तिमाही नतीजों के बाद उन्होंने कहा कि मैं इस निर्णय को हल्के में नहीं लेता। इगर ने पिछले साल ही कंपनी की कमान संभाली थी। ऐसा माना जा रहा है कि यूजर्स बेस कम होने के बाद कंपनी ने खर्च घटाने के लिए कर्मचारियों को निकालने का फैसला लिया है। वॉल्ट डिज्नी कंपनी की वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा डिजनी हॉटस्टार ने 31 दिसंबर, 2022 को समाप्त तिमाही में 38 लाख पेड सब्सक्राइबर खो दिए हैं। डिज्नी की 2021 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक दुनियाभर में उसके 1,90,000 कर्मचारी हैं, जिनमें 80 फीसदी कर्मचारी फुलटाइम थे। इस छंटनी के बाद वॉल्ट डिज्नी की कुल वर्कफोर्स में 3.6 फीसदी की कमी आएगी, जबकि कंपनी को 5.5 अरब डॉलर सालाना की बचत होने की उम्मीद है।
Top