जोधपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले में 18 माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के एक इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे जोधपुर शहर से दस्तयाब कर आगे की जांच के लिए खेड़ापा थाना पुलिस को सुपुर्द किया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के निकट सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में डीएसटी के कांस्टेबल पप्पूराम से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए हड़मानसागर, हाणिया, थाना ओसियां निवासी अनिल पुत्र सूराराम विश्नोई को जोधपुर शहर से पकड़ा। आरोपी पुलिस थाना खेड़ापा में दर्ज एनडीपीएस के मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी को अग्रिम अनुसंधान के लिए खेड़ापा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।