Logo
Header
img

अमृत सरोवर योजना से दूर होगा जल संकट: नरेन्द्र तोमर

नई दिल्ली, 11 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में केन्द्र सरकार अमृत सरोवर योजना चला रही है। इससे जल संकट को दूर किया जा सकेगा। तोमर ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि देश में 30 हजार से अधिक अमृत सरोवर के निर्माण कार्य को नौ महीने में पूरा कर लिया गया है। इस वर्ष 15 अगस्त तक 50 हजार अमृत सरोवर के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक निर्धारित लक्ष्य का 60 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। आगे उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट दूर करने के लिए देश के प्रत्येक जिले में कम से कम 75 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया जाएगा। इस दिशा में तेजी से कार्य जारी है। उल्लेखनीय है कि अमृत सरोवर मिशन 24 अप्रैल 2022 को जल संरक्षण के उद्देश्य से शुरू किया गया था। इस योजना के तहत देश के हर जिले में 75 जल निकायों का विकास और कायाकल्प कराया जा रहा है।
Top