Logo
Header
img

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में घरेलू दर्शकों के सामने प्रतिस्पर्धा करना एक महत्वपूर्ण अनुभव होगा :

 झारखंड के रांची में होने वाले आगामी महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 को लेकर भारतीय कप्तान सविता ने कहा है कि एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान घरेलू दर्शकों के सामने प्रतिस्पर्धा करना एक महत्वपूर्ण अनुभव होगा। इस टूर्नामेंट का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2023 तक रांची में होगा। हॉकी इंडिया द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में सविता ने कहा, "भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान होने के नाते, मैं यह जानकर बेहद रोमांचित हूं कि महिलाओं के लिए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची में होने वाली है। रांची में हमारे घरेलू दर्शकों के सामने प्रतिस्पर्धा करना निस्संदेह एक महत्वपूर्ण अनुभव होगा। इतने महत्वपूर्ण मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हमें बेहद गर्व से भर देता है।" टूर्नामेंट के सातवें संस्करण में जापान, कोरिया, चीन, मलेशिया, थाईलैंड और मेजबान भारत की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सविता ने कहा, "हमारे प्रशंसकों की ऊर्जा, समर्थन और उत्साह हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। हम अपने कौशल, दृढ़ संकल्प और सामूहिक भावना का प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं जो भारतीय महिला हॉकी को परिभाषित करती है।"

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 की भारत में मेजबानी की घोषणा देश में महिला हॉकी के विकास में एक उल्लेखनीय अध्याय है। सविता ने जोर देकर कहा, "यह टूर्नामेंट सिर्फ एक प्रतियोगिता से कहीं अधिक है; यह महिला हॉकी की प्रगति का जश्न है। यह एकता, खेल भावना और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने वाले एथलीटों के अटूट समर्पण का प्रतीक है।"

भारतीय महिला हॉकी टीम अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने असाधारण प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रही है और आगामी टूर्नामेंट उनके लिए शानदार प्रदर्शन करने का एक और मौका है। सविता ने कहा, "हम इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और अपनी छाप छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं और अपने घरेलू दर्शकों के सामने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और अपना दूसरा एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतकर देश को गौरवान्वित करने के लिए हर पहलू पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"

भारतीय महिला टीम ने 2016 में खिताब जीता था और 2018 में अगले संस्करण में, वे उपविजेता रहीं थीं।

सविता ने हॉकी इंडिया, सरकारी अधिकारियों और सभी हितधारकों को उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया उन्होंने कहा, "यह हॉकी इंडिया, झारखंड की राज्य सरकार और हमारे प्रशंसकों के सहयोगात्मक प्रयासों के बिना संभव नहीं होता। हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करके इस टूर्नामेंट को इसमें शामिल सभी लोगों के लिए एक यादगार और रोमांचक अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"


Top