Logo
Header
img

नगर निकाय चुनाव : जलपान से पहले मतदान के लिए निकले मतदाता

बेगूसराय, 28 दिसम्बर (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव के द्वितीय और अंतिम चरण में बेगूसराय नगर निगम और बखरी नगर परिषद में हो रहे मतदान को लेकर पुरुष से अधिक महिलाओं में जागरूकता देखी जा रही है। सुबह से ही दोनों नगर क्षेत्र के तमाम बूथों पर महिलाओं ने खाना बनाने से पहले मतदान करने को प्राथमिकता दी और भीड़ जुटी हुई है। सुबह बजे तक बेगूसराय नगर निगम कुल 20.28 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुषों ने 20.02 तथा महिलाओं ने 20.57 प्रतिशत वोटिंग किया है। जबकि बखरी नगर परिषद में कुल 28.80 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें पुरुषों ने 28.20 प्रतिशत एवं महिलाओं ने 29.50 प्रतिशत मतदान किया है। दोनो निर्वाचन क्षेत्रों में आज शान्तिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में मतदान जारी। मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार द्वारा पल-पल की घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। दोनों अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम, मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी संबंधित मतदान केंद्रों और क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर समुचित विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में मतदान सुनिश्चित की जा रही है। जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की टीम द्वारा मतदान कार्यों का सतत एवं प्रभावी अनुश्रवण किया जा रहा है। जिला नियंत्रण कक्ष 06243-222835 एक्टिव मोड में है तथा सभी मतदान केन्द्रों की मॉनिटरिंग में लगे हुए हैं। मतदाताओं का अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति सजग विश्वास ''नगर की सरकार-अपना सुशासन'' के नई सोच की स्पष्ट झलक दिख रही थी। यहां के कई इलाकों में आज से 12-15 साल पहले लोग चुनाव में वोट गिराने से डरते थे। पहले तय कर दिया जाता था कि किसे वोट देना है, वोट की राजनीति में हत्याओं का दौर चलता था। राजनीति और आपराधिक रूप से चर्चित बेगूसराय इस दोनों क्षेत्र में मतदान के दिन भी बंदूकें गरजती थी, लाठी-भाला चलता था। लोग दहशत में जीते थे, पुलिस का नंगा नाच चलता था, अपराधियों और पुलिस दोनों आमजन को परेशान करते थे। लेकिन हालत बदले तो लोगों की सोच बदली, लोग पिछले कुछ वर्षों की तरह ही अपने मन के प्रत्याशी को वोट देने के लिए उत्सुक हैं, उन्हें कोई डर नहीं है। जागो देवी एवं शगुफ्ता खातून आदि ने कहा कि हालात बदले हैं, अपने नगर की सरकार चुननी है। ऐसे जनप्रतिनिधि को चुनना है जो विकास करे, सही को सही गलत को गलत कहे। हम लोग सभी तीन पदों के लिए मतदान करेंगे, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है मेयर। पहली बार सरकार ने मेयर और उप मेयर चुनने का अधिकार दिया है। इसको लेकर स्मार्ट नगर, स्वच्छ नगर, स्वस्थ नगर बनाना पहली प्राथमिकता है।
Top