Logo
Header
img

यमुना जल स्तर बागपत से दिल्ली तक अलर्ट, जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों का लिया जायजा

पहाड़ों व मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से यमुना में जल स्तर बढ़ता जा रहा है। लगातार युमना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत से लेकर दिल्ली तक अलर्ट कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने यमुना में आए उफान को लेकर जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिये। सभी संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये।


जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मंगलवार को विकासखंड छपरौली के टांडा गांव में यमुना नदी के जल स्तर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों और ग्राम प्रधान से वार्ता की। उन्होंने जल स्तर के संबंध में जानकारी लेते हुए आबादी के लोगों की सुरक्षा और बाढ़ चौकियों के माध्यम से नियंत्रण की निगरानी को परखा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए है कि निरंतर निगरानी रखी जाए।


इसके बाद बड़ौत में सिंचाई विभाग के कार्यालय में स्थित जनपद स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम का जिलाधिकारी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम नंबर 94 1275 2348 या अधिशासी अभियंता सिंचाई उत्कर्ष भारद्वाज के मोबाइल नंबर 8005467557 पर बाढ़ संबंधित जलस्तर को देखते हुए सूचना देने की बात जनता से कही। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र से गुजरने वाली यमुना के आस पास भी अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली सरकार ने भी जरूरी कदम उठाए हैं। दिल्ली सरकार द्वारा बागपत के अधिकारियों से संपर्क रखा जा रहा है जिससे की जल स्तर की जानकारी मिलती रहे।


जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को युमना के जल स्तर में कुछ गिरावट देखी गयी है लेकिन संबंधित अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। एसडीएम बड़ौत सुभाष सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई उत्कर्ष भारद्वाज भी उनके साथ उपस्थित रहे।

Top